Bhadohi Assembly Election 2022 : अमितशाह और मुख्यमंत्री योगी भदोही में करेंगे चुनावी सभा

Amit Shah and Chief Minister Yogi will hold an election meeting in Bhadohi
  • पीएम मोदी और योगी को पूर्वांचल से है बड़ी जीत की उम्मीद
  • सोनभद्र के दुद्धि और आजमगढ़ जांएगे मुख्यमंत्री योगी

भदोही, 04 मार्च । प्रभुनाथ शुक्ल

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमितशाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 05 मार्च यानी शनिवार को भदोही में अलग-अलग जगह जनसभा को सम्बोधित करेंगे। जबकि मुख्यमंत्री पूर्वांचल में सोनभद्र,भदोही के बाद आजमगढ़ में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करेंगे। सातवें और अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार का अंतिम दिन होगा। पूर्वांचल से भाजपा को अत्यधिक उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ताबड़तोड़ कर रहें हैं जनसभाएं। कांग्रेस के इमरान प्रतापगढ़ी भी सभा को सम्बोधित करेंगे।

पूर्वांचल के कई जिलों में 07 मार्च को वोटिंग होगी। जिसमें वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र,भदोही जौनपुर, आजमगढ़ और दूसरे जनपद शामिल है। पूर्वांचल में भाजपा अच्छे की प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। उसका सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी से हो रहा है। लेकिन बसपा को कम आंकना भूल होगी। पूर्वांचल में भाजपा पिछला प्रदर्शन दोहरा पाती है या कि नहीं यह देखना होगा।

केंद्रीय गृहमंत्री अमितशाह जनपद मुख्यालय ज्ञानपुर के सरपतहाँ में सातवें और अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। अपरान्ह 3:00 बजे एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी केंद्रीय मंत्री ज्ञानपुर के में अंतिम दिन ही चुनावी सभा को संबोधित किया था। ज्ञानपुर में निषाद पार्टी और भाजपा के गठबंधन उम्मीदवार विपुल दुबे जबकि भदोही से रविंद्रनाथ त्रिपाठी और औराई से दीनानाथ भाष्कर के लिए सभा को सम्बोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली सभा सोनभद्र के दुद्धी में आयोजित होगी। दोपहर बाद मुख्यमंत्री की सभा आयोजित की गई। उसके बाद भदोही की औराई विधानसभा के उपरौठ में मुख्यमंत्री एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां औराई सुरक्षित सीट से भाजपा उम्मीदवार दीनानाथ भाष्कर के लिए वोट मांगेंगे। दीनानाथ भाष्कर का यहां सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी के अंजनी सरोज से है। वर्तमान में दीनानाथ विधायक हैं। मुख्यमंत्री यहां दोपहर 12:40 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ औराई में जनसभा संबोधित करने के बाद सीधे भदोही विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार रविंद्र नाथ त्रिपाठी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। रविंद्रनाथ त्रिपाठी पर भाजपा ने दोबारा विश्वास जताया है। वर्तमान समय में त्रिपाठी भाजपा के विधायक हैं। मुख्यमंत्री की सभा मोढ़ में आयोजित की गई है। भाजपा कार्यकर्ता और संगठन ने मुख्यमंत्री की सभा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। 1:40 पर मुख्यमंत्री यहां सभा को संबोधित करने के बाद सीधे आजमगढ़ के लिए उड़ जाएंगे।

कांग्रेसी नेता इमरान प्रतापगढ़ी भी औराई में कांग्रेस उम्मीदवार संजू कनौजिया और भदोही में वसीम अंसारी के लिए अपना चुनाव प्रचार करें। 11:00 बजे औराई और भदोही में दोपहर 12:00 बजे सभा को संबोधित करेंगे।