सीएम योगी का बड़ा ऐलान : यूपी में 74 हजार पदों पर जल्द होगी भर्ती

Big announcement of CM Yogi Recruitment will be done soon for 74 thousand posts in UP
  • 74,000 पदों पर चयन के लिए भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जाए- सीएम योगी

लखनऊ / शब्दरंग न्यूज डेस्क


Big announcement of CM Yogi : यूपी में आने वाले कुछ महीनों में 74 हजार पदों पर नियुक्ति की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शुक्रवार को इसकी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी रूपरेखा भी तय कर ली है।

सीएम योगी ने अपने सरकारी आवास पर उ.प्र. लोक सेवा आयोग, उ.प्र. अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, उ.प्र. उच्चतर शिक्षा चयन आयोग तथा उ.प्र. माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्षों के साथ इन आयोगों/ बोर्ड के तहत विभिन्न पदों पर होने वाली भर्तियों के सम्बन्ध में बैठक की। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इनके द्वारा 74,000 पदों पर चयन के लिए भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जाए।

भर्ती की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए- सीएम योगी

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भर्ती की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और इसके लिए सम्पन्न की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन पारदर्शी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि खराब छवि वाले विद्यालयों को परीक्षा केन्द्र बिल्कुल न बनाया जाए। उन्होंने बड़ी परीक्षाओं को मण्डल स्तर पर और छोटी परीक्षाओं को जनपद स्तर पर आयोजित करने के सम्बन्ध में गम्भीरता से विचार करने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भर्तियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के समय अभ्यर्थियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए अधिक दूरी न तय करनी पड़े। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव कार्मिक एवं कृषि देवेश चतुर्वेदी, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा मोनिका एस गर्ग, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, समेत अन्य मौजूद रहे।

74,000 पदों के विभिन्न आयोगों और विभागों की स्थिति
  • उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 30,000 पदों पर भर्तियां की जानी हैं।
  • उच्चतर शिक्षा चयन आयोग द्वारा 17,000 पदों पर भर्ती की जाएंगी।
  • उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड द्वारा 27,000 पदों पर भर्तियां की जाएंगी।