UP News: कासगंज से बीजेपी विधायक देवेंद्र सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन

UP News कासगंज से बीजेपी विधायक देवेंद्र सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन

लखनऊ/शब्दरंग न्यूज़ डेस्क

कोरोना संक्रमण के दौरान कासगंज के अमांपुर से भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह सहित तमाम नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कोरोना संक्रमण काल में बीजेपी के अब तक छह विधायकों की मौत हो चुकी है। यूपी में अब तक आठ विधायकों की जान जा चुकी है।

तीन बार से विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के करीबी भाजपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह का हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वह अमापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। भाजपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में एटा के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनके निधन से परिवार सहित पूरे कासगंज में शोक की लहर छा गई है। गौरतलब है कि 17 मई को उनकी पत्नी का कोरोना संक्रमण की वजह से निधन हुआ था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विधायक देवेंद्र प्रताप के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

देवेंद्र सिंह तीन बार विधायक रहे

मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा परिसीमन से पूर्व कासगंज के सोरो विधानसभा क्षेत्र से विधायक ओंकार सिंह के निधन के बाद 1999 में देवेंद्र प्रताप सिंह ने कल्याण सिंह द्वारा बनाई गई राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के टिकट पर चुनाव जीता। इसके बाद कल्याण के भाजपा में शामिल हुए और 2002 में भाजपा के टिकट पर सोरो विधानसभा क्षेत्र से ही देवेंद्र प्रताप सिंह ने बड़े अंतरों से जीत हासिल की। बाद में विधानसभा का परिसीमन से क्षेत्रों में बदलाव हो गया था। अमापुर से विधानसभा चुनाव में देवेंद्र प्रताप सिंह तीसरी बार जीतकर विधायक बने।

देवेंद्र प्रताप सिंह की मौत से शोक की लहर

देवेंद्र प्रताप सिंह की मौत पर राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। पार्टी सहित शुभचिंतक और अन्य लोग श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचने लगे। गौरतलब है कि 17 मई को ही विधायक की पत्नी का कोरोना संक्रमण की वजह से निधन हुआ था। उनकी पत्नी का पहले होम आइसोलेशन में इलाज चला। लेकिन 8 मई को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अलीगढ़ के अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए आगरा के एक निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया। लेकिन 17 मई को उनका निधन हो गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विधायक देवेंद्र प्रताप के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अमांपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री देवेंद्र प्रताप जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दारुण दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।