सीधी। 14 नवम्बर, सोमवार को कमला स्मृति महाविद्यालय पड़रा में बाल दिवस गरिमामयी तरीके से मनाया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग से कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रशासनिक अधिकारी एच.एस पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती और गणेश जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं द्वीप प्रज्ज्वलन किया गया।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रोहित सिंह चैहान ने बाल दिवस की महत्ता बताई और छात्रों को बाल दिवस की शुभकामना दी। बाल दिवस छात्रों में स्नेह की भावना पैदा करता है। महाविद्यालय की बी.एस.सी. छात्रा निकिता पाण्डेय, अंकिता सोनी, श्रुति जायसवाल और बीकॉम की छात्रा शिवानी सोनी ने कविता और गीत के माध्यम से चाचा नेहरू को याद किया।
इसी क्रम में सहा. प्राध्यापक विनय त्रिपाठी ने पं. नेहरू की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज देश भारत के प्रथम प्रधानमंत्री को याद कर रहा है जिन्होंने सत्य, एकता और शान्ति को बहुत महत्व दिया। विज्ञान संकाय के प्रमुख धीरेन्द्र शुक्ल ने कहा कि वर्तमान में बच्चों को सबसे ज्यादा शिक्षा, संस्कार और संस्कृति की जरूरत है, जिससे राष्ट्र का निर्माण होता है।
मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि चाचा नेहरू हमेशा कहते थे कि देश के स्वर्णिम विकास में बच्चे की अहम भागीदारी है। बच्चे ही देश का भविष्य हैं। कार्यक्रम का संचालन पी.एन सिंह ने किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राध्यापकों और बच्चों का आभार कार्यक्रम के संयोजक मंगलेश्वर गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।