छात्र-छात्राओं ने सुंदर राखियां बनाकर बहुआयामी प्रतिभा का दिया परिचय
सीधी। रक्षा बंधन के पर्व के उपलक्ष्य में स्थानीय श्री गणेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पड़रा में सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां (सीसीए) के अंतर्गत राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने वेस्ट मैटेरयिल, रंगीन धागे, मोती, कॉटन आदि का इस्तेमाल कर रंग-बिरंगी एक से बढ़कर एक सुंदर राखियां बनाकर अपनी बहुआयामी प्रतिभा का परिचय दिया। इस मौके पर स्कूल के प्राचार्य ने बच्चों के कार्य की प्रशंसा कर उनका उत्साहवर्धन किया।
Read More: कविता : रक्षाबंधन
प्रवक्ता राजकपूर चितेरा ने बताया कि सभी प्रतिभागी बच्चों ने पूरे जोश एवं उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें प्रेरित किया गया।
स्कूल के प्राचार्य डॉ. महेंद्र तिवारी ने बच्चों को रक्षा बंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षा बंधन सनातन संस्कृति और भारतीय परम्परा का जुड़ाव का त्योहार है। यह भाई बहनों का अनूठा पर्व है। कहा कि स्कूल के बच्चों को विभिन्न पारंपरिक पर्वों में सक्रिय रूप से शामिल करा उन्हें अपनी परंपरा व विरासत से जोड़ने की कोशिश की जाती है।
स्कूल की एच.एम प्रीती शर्मा ने छात्र-छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम व स्नेह का प्रतीक है। प्रतियोगिता में पहली से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। इस मौके पर स्कूल के समस्त स्टाफ मौजूद रहा।