खिलाडियों ने राज्य स्तरीय कूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 2 रजत पदक एवं 1 कांस्य पदक हासिल किए।

सीधी। अभी हाल ही में आर्मी पब्लिक स्कूल, सागर में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय कूडो प्रतियोगिता में रीवा संभाग का प्रतिनिधित्व कर रहे श्री गणेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पड़रा के चार खिलाड़ियों ने मेडल्स जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। विजेता खिलाडिय़ों को प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी एवं प्रधानाध्यापिका माएमा सिमन्स ने बधाई दी और खिलाडिय़ों को उनके मेडल पहनाकर सम्मानित किया। चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में बालक-बालिका अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में प्रदेश के विभिन्न संभागों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

प्रवक्ता राजकपूर चितेरा ने बताया कि गणेश स्कूल पड़रा के छह खिलाड़ी राज्य स्तरीय कूडो प्रतियोगिता में शामिल हुए जिनमें से चार खिलाड़ी पदक जीतने में कामयाब रहे। बताया, शामिल खिलाडियों में समृद्धि चौबे अंडर-14 के 54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण, शिवांग पाण्डेय अंडर-14 के 31 किलोग्राम वर्ग में रजत, शुभ गुप्ता अंडर-14 के 42 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक प्राप्त किए। जबकि प्रवीण साहू ने अंडर-17 के 52 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता। चितेरा ने बताया, कुडो खेल मूलतः जापानी मिश्रित मार्शल आर्ट की श्रेणी में आता है जिसमें पारंपरिक कराटे, जूडो, जुजुत्सु, मय थाई और किकबॉक्सिंग की तकनीकों का एक सुरक्षित, आधुनिक और व्यावहारिक संयोजन किया जाता है।

प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने विजेता खिलाडिय़ों सहित उनके कोच माखनलाल मिश्र को बधाई देते हुए कहा कि आज के समय में मार्शल आर्ट जीवन में एक बहुत उपयोगी कला है, इससे आत्मरक्षा की टेक्निक सीखने को मिलती है जिससे आत्मविश्वास बढ़ता है। व्यक्ति शारीरिक रूप से फिट रहता है तथा अनुशासन में रहना सीखना है। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली समृद्धि ने अपनी जीत का श्रेय मां पुनीता चौबे, पिता प्रभात चौबे और प्रशिक्षक माखन सर को दिया। समृद्धि की मां पुनीता ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई के साथ साथ मार्शल आर्ट, बॉक्सिंग व कूडो खेल मे रुचि रखती है। खिलाडियों के शानदार प्रदर्शन पर स्कूल के पीटीआई तरुणनाथ मिश्र, सूरज शुक्ल, सुभाष शुक्ल, विश्वास पाण्डेय, प्रियंका सिंह व अंकुर मिश्र सहित समस्त स्टाफ ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।


