सिंगरौली। सेंगोल इंटरनेशनल स्कूल, नौगढ़ (वैढ़न) में शनिवार को बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की खुशियों, उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों को उपहार वितरित किए गए, जिन्हें पाकर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक नीरज शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि बच्चे देश और समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने का भी महत्वपूर्ण दिन है। विद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को ऐसा सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना है, जहां वह अपनी क्षमताओं को पहचानकर जीवन में आगे बढ़ सके।
विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस पूनम उपाध्याय ने कहा कि बाल दिवस बच्चों की मासूमियत, खुशियों और उनके सपनों को समर्पित विशेष अवसर है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आपसी सहयोग, टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। कार्यक्रम के दौरान कैंपस प्रभारी राजू गुप्ता, रीति दुबे, सुनीता चंद्रवंशी, अनिकेत कुमार सिंह, आदर्श द्विवेदी, वंदना दुबे, सुरभि निधि, जया शुक्ला, श्रेया शुक्ला, अमृता शाह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

