बच्चों ने एकता, सहयोग और प्रकाश का दिया संदेश
सीधी। दीपावली के पावन अवसर पर एसजीएसएस (गणेश स्कूल), पड़रा में कक्षा पहली एवं दूसरी के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और सामूहिक सहयोग का अनूठा प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष गतिविधि के दौरान बच्चों ने एक साथ बैठकर मानव श्रृंखला के माध्यम से दीपक की आकर्षक आकृति तैयार की। नन्हे विद्यार्थियों की इस अनूठी प्रस्तुति ने दीपावली पर्व की खुशियों को विशेष बना दिया।
प्रवक्ता राजकपूर चितेरा ने बताया, गतिविधि के दौरान बच्चों ने अनुशासन, आपसी तालमेल और टीमवर्क का परिचय देते हुए दीपक की सुंदर आकृति बनाई। इस रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रकाश, सकारात्मकता, एकता और खुशियों का संदेश दिया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच, सामूहिक कार्य करने की क्षमता और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना था। साथ ही विद्यार्थियों को दीपावली पर्व के महत्व एवं अंधकार पर प्रकाश की विजय के संदेश से परिचित कराना भी इसका प्रमुख उद्देश्य रहा।
संस्था के एकेडमिक डायरेक्टर एवं प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दीपावली के अवसर पर नन्हे विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला से दीपक की आकृति बनाना उनकी रचनात्मकता, एकता और सामूहिक सहयोग का सुंदर उदाहरण है। ऐसी गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीमवर्क की भावना विकसित करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से भी जोड़ती हैं।
विद्यालय प्रबंधन से असिस्टेंट डायरेक्टर अरुण ओझा ने इस रचनात्मक गतिविधि की सराहना करते हुए सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस माएमा सिमन्स, प्राइमरी कोऑर्डिनेटर रेखा शर्मा सहित शिक्षिका अंकिता सेन, प्रियंका सिंह तथा शिक्षक अंकुर मिश्र एवं सुजीत दीक्षित ने बच्चों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया।

