ऑल इंडिया रैंक 21487 हासिल कर नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर में मिला प्रवेश
सीधी। स्थानीय एसजीएसएस (गणेश स्कूल), पड़रा के पूर्व छात्र अक्षय तिवारी ने नीट में उत्कृष्ट सफलता हासिल कर विद्यालय एवं जिले को गौरवान्वित किया है। नीट में ऑल इंडिया रैंक 21487 हासिल करने के बाद अक्षय का चयन प्रतिष्ठित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

अक्षय शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। वर्ष 2024 में कक्षा 10वीं की परीक्षा में जिला टॉपर बनकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। चिकित्सा क्षेत्र में भविष्य बनाने का लक्ष्य लेकर उन्होंने निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ नीट की तैयारी की और सफलता हासिल की। अक्षय आदर्श कॉलोनी, पड़ैनिया, जिला सीधी के निवासी हैं। उनके पिता विनय तिवारी इंजीनियर हैं, जबकि माता शिक्षिका हैं। परिवार ने भी उनकी पढ़ाई और लक्ष्य प्राप्ति में निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन दिया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने अक्षय को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि गणेश स्कूल परिवार के लिए गौरव का क्षण है। अक्षय ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प से सफलता की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने अक्षय के उज्ज्वल भविष्य और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सफलता की कामना की।
इस अवसर पर संजय सिंह चौहान, धर्मेन्द्र मिश्र, अर्चना मिश्रा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अक्षय की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


