विदाई अंत नहीं, नए सपनों की शुरुआत : नीरज शर्मा
निखिल बने मिस्टर फेयरवेल, सुनिधि रहीं मिस फेयरवेल
सीधी न्यूज़। स्थानीय श्री गणेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पड़रा में रविवार को आवासीय छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह एवं अभिभावक बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा का भावपूर्ण उत्सव मनाया गया तथा अभिभावकों और विद्यालय के बीच संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी ने उन्हें शुभाशीष प्रदान किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संस्था के चेयरमैन एम.पी. शर्मा, विशिष्ट अतिथि निदेशक नीरज शर्मा, विद्यालय प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी तथा एच.एम. माएमा सिमन्स द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों, शिक्षकों, छात्रावास स्टाफ तथा विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यार्थियों के आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रेरक प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में मिस्टर फेयरवेल निखिल गुप्ता एवं मिस फेयरवेल सुनिधि प्रजापति को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एम.पी. शर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि नीरज शर्मा ने कहा कि विदाई नए सपनों और अवसरों की शुरुआत है तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। विद्यालय प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने शिक्षा को श्रेष्ठ संस्कारों, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के निर्माण का माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हॉस्टल वार्डन संदीप सिंह परिहार, अरविन्द यादव, सुप्रिया बनर्जी, मोहम्मद आरिफ, मधु मैम एवं मीना सिंह का विशेष सहयोग रहा। साथ ही संगीत शिक्षक अवतार कृष्ण, नृत्य शिक्षिका अंकिता सेन तथा नाटक मंचन में डी.के. खरे का सराहनीय योगदान रहा। मंच संचालन शिक्षिका अन्वेषा डे के निर्देशन में छात्र अमित मिश्रा और छात्रा साक्षी तिवारी द्वारा प्रभावी एवं सराहनीय रूप से किया गया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन हॉस्टल वार्डन संदीप सिंह परिहार द्वारा प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था की गई। विद्यालय परिवार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ कीं।
