सीधी। शुक्रवार को कमला स्मृति महाविद्यालय, पड़रा के सेमिनार हॉल में तनाव प्रबंधन विषय पर एकदिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. रोहित सिंह चौहान द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्राओं दीपिका राव, अंशिका गुप्ता, कृतिका तिवारी, सुमन सिंह, पूजा बैस, मनीषा सिंह, स्नेहा सोनी, प्रिया सोनी एवं आस्था सिंह ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से तनाव के प्रमुख कारणों जैसे परीक्षा दबाव, समय प्रबंधन की कमी और व्यक्तिगत समस्याओं पर प्रकाश डाला। साथ ही तनाव के मानसिक एवं शारीरिक प्रभावों तथा प्रबंधन तकनीकों मेडिटेशन, योग, सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन आदि की विस्तृत जानकारी साझा की।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ रखना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. मंगलेश्वर गुप्ता ने बताया कि तनाव जीवन का अभिन्न हिस्सा है, किंतु संयम, संतुलन और सकारात्मक दृष्टिकोण से इसे अवसर में बदला जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन छात्राओं श्रेया साकेत एवं प्रिया रावत ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


