सीधी। स्थानीय श्री गणेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पड़रा में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े हीं उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान स्कूल में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ जैसे – दौड़, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल,बैडमिटन, बास्केटबॉल तथा खो–खो आदि का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सभी खेलों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल मैदान में बच्चों के उत्साह और जोश का नजारा देखते ही बनता था। एनसीसी थर्ड आफिसर विश्वास पाण्डेय के निर्देशन में एनसीसी के कैडेट छात्रों ने भी विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित करके की और विद्यार्थियों को जीवन में खेलकूद, अनुशासन, स्वास्थ्य और उन्नति के महत्व को समझाया। डॉ. तिवारी ने कहा, खेल दिवस का उद्देश्य छात्रों को खेल और उन्हें शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे छात्रों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
एच.एम. माएमा सिमन्स ने विद्यार्थियों को खेल के महत्व के बारे में बताया और उन्हें खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं ने खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क को जीवन में अपनाने की शपथ ली। कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षक तरुणनाथ मिश्र, सूरज शुक्ल, सुभाष शुक्ल, माखनलाल मिश्र, विश्वास पाण्डेय, प्रियंका सिंह एवं अंकुर मिश्र समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ कार्यक्रम में मौजूद रहा।