बेटियों का सशक्त होना जरूरी : नीरज शर्मा
सीधी। श्री गणेश स्कूल ऑफ एक्सीलेंस अमरपुर, चुरहट में सोमवार को आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को मार्शल आर्ट, कराटे व कुंगफू के जरिए आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। इसका पहला उद्देश्य छात्रों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें किसी भी खतरे का सामना करने के लिए तैयार करना था। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा छात्र-छात्राओं को गुड टच-बेड टच की भी जानकारी दी गई।

शिविर में ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षक माखनलाल मिश्र ने छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा, आत्मसुरक्षा और आत्मबल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसी भी अप्रत्याशित घटना से बचाव के लिए मानव शरीर के नाजुक अंगों पर प्रहार की विधि को बताया। बच्चों को अपनी हथेली, एल्बो व घुटने का इस्तेमाल कारगर ढंग से हथियार के रूप मे करने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक माखनलाल मिश्र ने खासकर छात्राओं को विरोधी के गला दबाने, बाल खींचने, हाथ पकड़ने, एक हाथ से आत्मरक्षा व शरीर को किसी भी तरह से जकड़ने की स्थिति में बचाव के अत्यंत प्रभावी तरीके बताए गए हैं। छात्राओं में इस प्रशिक्षण को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
READ MORE : गणेश स्कूल चुरहट में मनाया विश्व धरोहर दिवस

मौके पर मौजूद विद्यालय के संचालक नीरज शर्मा ने कहा कि बेटियों को मजबूत, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण छात्राओं के आत्म विश्वास को बढ़ाएगा। कहा, आत्मरक्षा प्रशिक्षण न केवल आपको बल्कि दूसरों को भी बचाने में मदद करता है। अपनी रक्षा करने की क्षमता रखने से आपका आत्म-सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ता है। इस मौके पर मुख्य रूप केके मिश्र, राहुल त्रिपाठी, पूर्णिमा सिंह, ब्रिजेश सिंह, सोनाली तिवारी, शेजल पाण्डेय, दीक्षा सिंह एवं प्रेरणा तिवारी सहित सैकड़ो छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।