सीधी। नगर के श्री गणेश हायर सेकेंडरी स्कूल अमहा में शनिवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर नर्सरी से कक्षा पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। छात्रों ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य, भावपूर्ण गायन तथा प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और बलिदान को याद करते हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

विद्यालय के प्राचार्य जे.एन. मिश्र एवं प्रधानाध्यापक पुष्पराज मिश्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक अशोक नवैत, प्रकाश श्रीवास्तव, ए.एस. भट्ट, विनायक पांडेय, सतीश तिवारी, रामचरण मिश्रा एवं प्रदीप मिश्रा सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षकों के सहयोग से संपन्न हुआ।


