एनसीसी कैडेट्स ने स्वतंत्रता दिवस परेड में हासिल किया प्रथम स्थान
सीधी। राजकपूर चितेरा
स्थानीय एसजीएसएस स्कूल (गणेश स्कूल), पड़रा में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीगणेश एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम के शुभारंभ के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने राष्ट्रध्वज फहराया और राष्ट्रगान हुआ। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में देशभक्ति का जोश देखने को मिला।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने विगत बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा को दर्शाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसडीएम सुषमा रावत रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में संस्था के चेयरमैन महेश प्रसाद शर्मा, सोन घड़ियाल अभयारण्य के अधीक्षक प्रमोद सिंह, बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडेय एवं सब इंस्पेक्टर राजश्री अग्निहोत्री उपस्थित रहीं।
समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने की। प्रधानाध्यापिका माइमा सिमंस ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस मौके पर संस्था के किड्स गणेश इंचार्ज कोमल बाधवानी, प्राइमरी इंचार्ज रेखा शर्मा, संजय सिंह चौहान, धर्मेंद्र कुमार मिश्र, अर्चना मिश्रा, तरुणनाथ मिश्र, राकेश पाण्डेय, सूरज शुक्ल, विश्वास पाण्डेय, सुभाष शुक्ल, अभय पाण्डेय आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

एनसीसी कैडेट्स की ऐतिहासिक उपलब्धि
स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस परेड 2026 प्रतियोगिता में एसजीएसएस स्कूल, पड़रा के एनसीसी कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय के जूनियर एनसीसी विंग की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
जूनियर एनसीसी विंग को प्रथम स्थान प्राप्त होने पर संस्था निदेशक नीरज शर्मा एवं सहायक निदेशक अरुण ओझा ने सभी एनसीसी कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इसी तरह विद्यालय एवं राष्ट्र का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।



