सीबीएसई के विशेष प्रशिक्षण में 50 शिक्षकों ने सीखे आनंदमय एवं तनावमुक्त शिक्षण के गुर
सीधी। एसजीएसएस स्कूल (गणेश स्कूल), पड़रा में 14 नवंबर को सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई), भोपाल के तत्वावधान में हैप्पी क्लासरूम विषय पर एक दिवसीय विशेष शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के 50 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्था के निदेशक नीरज शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में नायशा शर्मा उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं संस्था के निदेशक नीरज शर्मा ने कहा कि खुशहाल वातावरण, सकारात्मक सोच और आनंदमय शिक्षण के माध्यम से ही विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान की जा सकती है। हैप्पी क्लासरूम जैसी कार्यशालाएं शिक्षकों को नई शिक्षण तकनीकों से परिचित कराने और उनके शिक्षण कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को कक्षाओं में लागू करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में मुख्य संसाधन व्यक्तियों के रूप में दिल्ली पब्लिक स्कूल, सतना के पीजीटी शिमुल बनर्जी एवं आदित्य बिरला स्कूल, भरतपुर, सीधी की मधु द्विवेदी उपस्थित रहीं। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को सकारात्मक एवं तनावमुक्त कक्षा निर्माण, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, छात्र व्यवहार विश्लेषण, तनाव प्रबंधन तथा गतिविधि आधारित शिक्षण की विभिन्न तकनीकों से परिचित कराया। इस दौरान समूह गतिविधियों, रोल प्ले एवं संवाद के माध्यम से शिक्षण को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला के वेन्यू डायरेक्टर एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि खुशहाल कक्षा के निर्माण में शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी तीनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाएंगे, अभिभावक बच्चों को प्रोत्साहित करेंगे और विद्यार्थी उत्साहपूर्वक सीखने में भाग लेंगे, तभी वास्तविक हैप्पी क्लासरूम का निर्माण संभव होगा। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है।

प्रातः 9 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित प्रशिक्षण के समापन पर सभी 50 प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं को ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। विद्यालय परिवार की ओर से परीक्षा प्रभारी संजय सिंह चौहान एवं धर्मेंद्र मिश्र ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, भोपाल तथा दोनों प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस माएमा सिमन्स, प्राइमरी कोऑर्डिनेटर रेखा शर्मा एवं किड्स गणेश कोऑर्डिनेटर कोमल बाधवानी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।


