सीधी। स्थानीय एसजीएसएस, पड़रा (गणेश स्कूल) के लिए गौरव का विषय है कि विद्यालय के कक्षा 12वीं के आवासीय छात्र भूपेन्द्र कुमार जायसवाल का आगामी द्वितीय राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैम्पियनशिप 2026 के ट्रायल हेतु चयन हुआ है। गत दिनों भोपाल स्थित टी.टी. नगर स्टेडियम में आयोजित चयन प्रतियोगिता में भूपेन्द्र कुमार जायसवाल ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर आगामी राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैम्पियनशिप के ट्रायल के लिए उनका चयन किया गया है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने छात्र को बधाई देते हुए कहा, भूपेन्द्र की सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले एवं मध्यप्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे। हेडमिस्ट्रेस माएमा सिमन्स ने भी भूपेन्द्र कुमार जायसवाल को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि, “विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षकों में तरुणनाथ मिश्र, सूरज शुक्ल, सुभाष शुक्ल, विश्वास पाण्डेय, माखनलाल मिश्र एवं प्रियंका सिंह ने छात्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि भूपेन्द्र ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने भूपेन्द्र कुमार जायसवाल को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


