सीधी। स्थानीय एसजीएसएस रेसिडेंशियल स्कूल, पडरा-सीधी के विद्यार्थियों ने सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा सत्र 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के इस शानदार परिणाम से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे जिले में गर्व और हर्ष का वातावरण है।
विद्यालय की मेधावी छात्रा प्रिंसी द्विवेदी ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इसी क्रम में अन्य विद्यार्थियों ने भी शानदार अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इनमें ऋतिका शुक्ला (95.80 प्रतिशत), निखिल मिश्रा (93 प्रतिशत), अमन मिश्रा (92.80 प्रतिशत), आरजू तिवारी (90.40 प्रतिशत), संजिता बिस्वास (90 प्रतिशत), पायल गुप्ता (90 प्रतिशत), नक्षत्र चतुर्वेदी (90 प्रतिशत), यशराज पटेल (89.20 प्रतिशत) एवं वर्षा गुप्ता (89.20 प्रतिशत) शामिल हैं। सभी विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट परिणाम से विद्यालय का मान बढ़ाया है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र कुमार तिवारी ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन एवं शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है और हमें विश्वास है कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।
वहीं विद्यालय के संचालक नीरज शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। यह परिणाम उसी दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इसके साथ ही सहायक निदेशक अरुण ओझा, प्रधानाध्यापिका माएमा सिमन्स तथा परीक्षा प्रभारी धर्मेन्द्र मिश्र सहित समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
