जूनियर व सीनियर वर्ग में हुआ कड़ा मुकाबला, विजेता टीमों को शील्ड व पदक देकर सम्मानित किया गया।
सीधी। स्थानीय एसजीएसएस स्कूल (गणेश स्कूल), पड़रा-सीधी परिसर में शनिवार को द्वितीय इंटर स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसमें गणेश स्कूल पड़रा-सीधी, गांधी हाई स्कूल सीधी, गणेश स्कूल अमहा-सीधी, संजय गांधी महाविद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 सीधी एवं क्रमांक-2 सीधी के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएफओ राजेश खन्ना उपस्थित रहे। उनके आगमन पर अंकुर मिश्रा, माखन मिश्रा एवं अवतार कृष्ण द्वारा बैज लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
READ MORE : प्रतिभाओं का मंच बना गणेश स्कूल का समर कैंप, टैलेंट हंट में बच्चों ने बिखेरे हुनर के रंग: गणेश स्कूल में द्वितीय इंटर स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता सम्पन्नमुख्य अतिथि डीएफओ राजेश खन्ना ने सभी बास्केटबॉल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
जूनियर वर्ग के मुकाबलों में गांधी हाई स्कूल सीधी विजेता रही, जबकि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 सीधी उपविजेता बनी। वहीं सीनियर वर्ग में गणेश स्कूल पड़रा-सीधी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया तथा संजय गांधी महाविद्यालय उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर डीएफओ राजेश खन्ना द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आशीर्वचन देते हुए खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुजीत दीक्षित, प्रियंका सिंह, राजकपूर चितेरा, बसभान यादव, अंकुर मिश्रा, माखन मिश्रा एवं अवतार कृष्ण सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
