रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और भारतीय संस्कारों का पर्व : डॉ. महेंद्र
सीधी। स्थानीय एसजीएसएस स्कूल एवं किड्स गणेश प्ले स्कूल में भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक राखी उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा आठवीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए थाली डेकोरेशन, राखी मेकिंग, राखी कार्ड मेकिंग और कोल्ड कुकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक राखियां, सुंदर राखी कार्ड और रचनात्मक ढंग से सजी थालियां तैयार कर अपनी कला एवं कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया।

राखी उत्सव के दौरान भाइयों ने अपनी बहनों की कलाई पर प्रेम और स्नेह के प्रतीक के रूप में राखियां बांधीं। बहनों ने भी भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस भावपूर्ण अवसर पर भाई-बहनों के बीच प्रेम, अपनत्व और आपसी विश्वास की सुंदर झलक देखने को मिली। बच्चों ने एक-दूसरे को राखी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इस पावन रिश्ते की खुशियां साझा कीं। विद्यालय परिसर में पूरे समय उत्साह, उमंग और पारिवारिक स्नेह का माहौल बना रहा।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि राखी उत्सव भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें रचनात्मकता एवं सहयोग की भावना विकसित करते हैं। डॉ. तिवारी ने सभी विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान हेडमिस्ट्रेस माइमा सिमंस, किड्स गणेश इंचार्ज कोमल बाधवानी एवं प्राइमरी इंचार्ज रेखा शर्मा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।



