जिला प्रशासन की पहल पर गणेश स्कूल में रंगोली के माध्यम से गूंजा जनगणना का संदेश

3 Min Read

सीधी। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में एसजीएसएस रेसिडेंशियल स्कूल (गणेश स्कूल) पड़रा में “जनगणना के लिए तैयार है सीधी” अभियान के तहत एक भव्य एवं आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाना और इसके महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त कलेक्टर राजेश कुमार शुक्ल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया, जिससे आयोजन का वातावरण गरिमामय हो उठा। प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से जनसंख्या आंकड़ों का महत्व, विकास योजनाओं में इसकी भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में इसकी उपयोगिता को अत्यंत सुंदर और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंगों की जीवंतता और विषय की गहराई ने उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि संयुक्त कलेक्टर राजेश कुमार शुक्ल ने रंगोलियों का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में न केवल प्रतिभा को निखारती हैं, बल्कि उन्हें सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक भी बनाती हैं। उन्होंने जनगणना को देश के विकास की आधारशिला बताते हुए सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जनगणना की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़कर ही उसका वास्तविक उद्देश्य पूर्ण होता है।

निर्णायक मंडल में आर्ट शिक्षक राजकपूर चितेरा एवं अंकिता सेन ने निष्पक्ष मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में अदिति केसरी ग्रुप ने प्रथम, आराध्या पाठक ग्रुप ने द्वितीय, तृषा शुक्ला ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि उन्नति ग्रुप को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर जनगणना कार्यालय से राममोहन द्विवेदी एवं दिनकर तिवारी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने आभार व्यक्त किया, जबकि मंच का संचालन रविराज सिंह परिहार ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर विद्यालय की एच.एम. माएमा सिमन्स, पुष्पराज मिश्र, संजय सिंह चौहान, अर्चना मिश्रा, धर्मेंद्र मिश्र, प्राइमरी कॉर्डिनेटर रेखा शर्मा, राकेश पाण्डेय, तरुणनाथ मिश्र, अशोक कुमार साकेत, अभय पाण्डेय, विश्वास पाण्डेय सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Share This Article
Raj Kapoor Chitera is a talented painter and writer, known for his unique artistic expression. As the founder of Shabdrang News, he blends his passion for creativity with a commitment to delivering insightful news. His platform strives to provide in-depth analysis and diverse perspectives on current events.
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version