शैक्षणिक भ्रमण पर भोपाल पहुंचे गणेश स्कूल के विद्यार्थी, विधानसभा में मुख्यमंत्री ने पूछे सवाल

5 Min Read

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संवाद कर उत्साहित हुए विद्यार्थी, आत्मविश्वास के साथ दिए सभी सवालों के जवाब

सीधी। स्थानीय एसजीएसएस स्कूल (गणेश स्कूल), पड़रा, सीधी के कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण भोपाल में आयोजित किया गया। इस शैक्षणिक यात्रा में विद्यालय के 55 विद्यार्थियों ने भाग लिया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश विधानसभा सहित भोपाल के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों का अवलोकन कर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस यात्रा का सबसे यादगार पल वह रहा, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनसे विभिन्न सवाल पूछे, जिनका बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ सही जवाब दिया।

भोपाल स्थित मध्यप्रदेश विधानसभा के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर गणेश स्कूल के विद्यार्थी एवं शिक्षकगण।

शनिवार, 21 नवंबर को विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश विधानसभा का भ्रमण करने का विशेष अवसर प्राप्त हुआ। विधानसभा पहुंचने पर वहां के मैनेजमेंट इंचार्ज श्री राहुल सिंह ने विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संसदीय परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, विपक्ष तथा सदन में जनप्रतिनिधियों के बैठने की निर्धारित व्यवस्था के बारे में समझाया। इसके साथ ही विधानसभा के विशेष एवं आपातकालीन सत्रों सहित सदन की विभिन्न प्रक्रियाओं से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।

मध्यप्रदेश विधानसभा के सदन का अवलोकन करते एसजीएसएस स्कूल, पड़रा के विद्यार्थी। इस दौरान विद्यार्थियों ने सदन की बैठक व्यवस्था, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री एवं पक्ष-विपक्ष के सदस्यों के बैठने के स्थान तथा संसदीय कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा।

इस दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा परिसर में आयोजित छात्र सदन की नाट्य प्रस्तुति का अवलोकन किया। इसके माध्यम से बच्चों को सदन की कार्यवाही, जनप्रतिनिधियों की भूमिका, प्रश्न पूछने की प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के संचालन को समझने का अवसर मिला।

भ्रमण का सबसे विशेष क्षण उस समय आया, जब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने बच्चों से पूछा कि वे कहां से आए हैं, किस विद्यालय में पढ़ते हैं और उनके क्षेत्र के विधायक कौन हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपना नाम भी पूछा। मुख्यमंत्री के सभी सवालों का विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सही जवाब दिया। बच्चों की सक्रिय भागीदारी एवं आत्मविश्वास ने इस संवाद को विशेष बना दिया।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा सदन गूंज उठा। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने विद्यार्थियों के साथ सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाया, जिससे यह शैक्षणिक भ्रमण और भी यादगार बन गया। विद्यार्थियों ने विधानसभा परिसर में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री नरेशचंद्र सिंह (राजा साहब) को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक श्री अजय अर्जुन सिंह (राहुल भैया) के विशेष सहयोग से विद्यार्थियों को विधानसभा भ्रमण की अनुमति प्राप्त हुई। उनके सहयोग से बच्चों को प्रदेश की महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संस्था की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला। विद्यालय प्रबंधन ने इस सहयोग के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

शैक्षणिक यात्रा के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए सांची स्तूप, लेक व्यू, वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, जनजातीय संग्रहालय, सैर सपाटा एवं भोजपुर मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी निर्धारित किया गया। इन स्थलों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, कला, संस्कृति, प्राकृतिक विविधता एवं पर्यटन महत्व के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।

विद्यालय के एकेडमिक डायरेक्टर एवं प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को जब विद्यार्थी प्रत्यक्ष अनुभव से जोड़ते हैं, तो उनकी समझ और अधिक विकसित होती है। विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण संस्थान का भ्रमण बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, नागरिक जिम्मेदारियों एवं देश के प्रति जागरूकता विकसित करने में सहायक होता है। मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का अवसर मिलना विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रेरणादायक अनुभव है। इस शैक्षणिक यात्रा में विद्यालय की प्राइमरी कोऑर्डिनेटर रेखा शर्मा सहित शिक्षक संदीप पांडेय, रोहित पांडेय, साक्षी सिंह, आनंद गुप्ता, रिश्मिता सिंह एवं वीणा सिंह विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।

Share This Article
Raj Kapoor Chitera is a talented painter and writer, known for his unique artistic expression. As the founder of Shabdrang News, he blends his passion for creativity with a commitment to delivering insightful news. His platform strives to provide in-depth analysis and diverse perspectives on current events.
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version