सीधी। स्थानीय श्री गणेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पड़रा में 29 अप्रैल, अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस के उपलक्ष्य में एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्राओं ने भाग लेकर अलग-अलग डांस थीम पर सुंदर प्रस्तुति दी। डांस शिक्षिका अंकिता सेन के निर्देशन में छात्राओं ने शास्त्रीय व लोक नृत्य के अंतर्गत हरियाणवी, छत्तीसगढ़ी, बिहू-असम, घूमर-राजस्थानी, पंजाबी-भांगड़ा सहित अन्य फोक डांस के गीतों पर अपने हुनर का जादू बिखेरा।

Read More : गणेश स्कूल में विश्व पृथ्वी दिवस पर छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, नाटक मंचन के साथ हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं
आयोजित नृत्य प्रतियोगिता की शुरुआत स्कूल के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने की। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, हार या जीत से अधिक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में आपकी भागीदारी है। ऐसी प्रतियोगिता प्रतिभावान छात्रों की छिपी प्रतिभा को मूर्त रूप देने का काम करती है। वहीं उन्होंने छात्रों को अपने रचनात्मक कौशल को और अधिक निखारने के लिए प्रेरित किया।

प्रवक्ता राजकपूर चितेरा ने बताया, कक्षा- 1 से 5 में अनिका मिश्रा प्रथम स्थान, प्रांसी पटेल द्वितीय स्थान, तृतीय स्थान पर नित्या पटेल रही, साथ ही आराध्या पाण्डेय को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयन किया गया। कक्षा- 6 से 8 में दिव्यांसी सिंह प्रथम स्थान जान्हवी सिंह चौहान द्वितीय स्थान, जेसिका चौबे तृतीय स्थान एवं शुभांगी सिंह बघेल को सांत्वना पुरस्कार मिला।
Read More : गणेश स्कूल चुरहट में बच्चों को दिया गया आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजिका प्रधानाध्यापिका माएमा सिमन्स ने कहा, नृत्य सिर्फ एक प्रदर्शन कला ही नहीं है, बल्कि यह आत्म-अभिव्यक्ति, आध्यात्मिक जुड़ाव, शारीरिक फिटनेस और मानसिक शांति का भी माध्यम है। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की कलात्मकता, प्रस्तुति, और तकनीकी कौशल का मूल्यांकन कर विनर की घोषणा की गई। प्रतियोगिता में प्रधानाध्यापिका माएमा सिमन्स व प्रियंका सिंह ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। इस मौके पर स्कूल के सभी शिक्षकगण, छात्र एवं छात्राओं की उपस्थिति सराहनीय रही।
