गणेश स्कूल के समर कैंप में उत्साहपूर्वक मनाया गया मदर्स डे, मातृ शक्ति का हुआ सम्मान

4 Min Read

सीधी। स्थानीय एसजीएसएस स्कूल (गणेश स्कूल), पड़रा-सीधी में आयोजित समर कैंप के अंतर्गत रविवार को मदर्स डे बड़े ही उत्साह, उल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। इस विशेष अवसर पर बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे विद्यालय परिसर में खुशी, अपनत्व और उत्सव का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत मातृ शक्ति के सम्मान के साथ हुई, जहां सर्वप्रथम उपस्थित माताओं को चंदन लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा किए गए इस सम्मान से माताएं प्रसन्न एवं भावुक नजर आईं तथा पूरे परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बन गया। मदर्स डे के अवसर पर माताओं के लिए कई रोचक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें अपने बच्चों की आंखें पहचानो प्रतियोगिता ने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया, जिसमें माताओं ने केवल आंखों को देखकर अपने बच्चों को पहचानने का प्रयास किया।

इसके अलावा हुला हूप प्रतियोगिता सहित अन्य मजेदार खेल-गतिविधियों में भी माताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं एक विशेष गतिविधि में माताओं को अपने बच्चों के साथ एक पेपर पर संतुलन बनाकर नृत्य करना था, जिसने कार्यक्रम में रोमांच और मनोरंजन का माहौल बना दिया। इस गतिविधि में माताओं और बच्चों के बीच तालमेल, प्रेम और आपसी समझ की खूबसूरत झलक देखने को मिली। माताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, समझ व आत्मविश्वास का परिचय दिया, जिससे आयोजन और भी आनंदमय बन गया।

READ MORE : गणेश स्कूल में द्वितीय इंटर स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न

इस अवसर पर बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने गीत-संगीत, नृत्य एवं नाटक के माध्यम से माताओं के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और आभार को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित माताओं का दिल जीत लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कई माताएं अपने बच्चों की प्रस्तुति देखकर भावुक भी नजर आईं।

इसके साथ ही बच्चों ने अपनी माताओं को स्वयं द्वारा तैयार किए गए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड एवं उपहार भेंट किए, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी भावुक एवं यादगार बन गया। बच्चों के इस स्नेह, प्रेम और सम्मान से माताएं भावुक नजर आईं तथा कई माताओं ने इसे अपने जीवन का विशेष और यादगार पल बताया।

विद्यालय के प्रवक्ता राजकपूर चितेरा ने बताया कि मदर्स डे के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ शक्ति के सम्मान के साथ बच्चों एवं माताओं के बीच प्रेम, अपनत्व और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना था। समर कैंप के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ संस्कार एवं सामाजिक मूल्यों से भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम का सफल संचालन नाजिया बानो द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को रोचक एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किया। वहीं कार्यक्रम के अंत में अवतार कृष्ण ने उपस्थित मातृ शक्ति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वालों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर समर कैंप के प्रशिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ की भी सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम में अवतार कृष्ण, राजकपूर चितेरा, संदीप पटेल, माखनलाल मिश्र, डी.के. खरे, अंकिता सेन, अंकुर मिश्र, सुजीत दीक्षित, नाजिया बानो, प्रियंका सिंह, रोहित पाण्डेय एवं सचित त्रिपाठी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share This Article
Raj Kapoor Chitera is a talented painter and writer, known for his unique artistic expression. As the founder of Shabdrang News, he blends his passion for creativity with a commitment to delivering insightful news. His platform strives to provide in-depth analysis and diverse perspectives on current events.
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version