सीधी। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार को किड्स गणेश प्ले स्कूल, पड़रा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद करते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चे बापूजी की वेशभूषा में नजर आए और सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों ने गांधीजी के तीन बंदरों के माध्यम से बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो और बुरा मत बोलो की सीख को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से बापू के जीवन और विचारों को रंगों में उकेरा, वहीं नाट्य प्रस्तुति के जरिए उनके आदर्शों और संदेशों को जीवंत किया। हाथों में प्रेरक संदेशों की तख्तियां लेकर बच्चों ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को महात्मा गांधी के जीवन और उनके आदर्शों से भी परिचित कराया गया।
किड्स गणेश की इंचार्ज कोमल वाधवानी ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों को गांधीजी के आदर्शों से जोड़ने के साथ उनमें अच्छे संस्कार विकसित करती हैं। शिक्षिका साधना शर्मा ने कहा कि गतिविधियों के माध्यम से बच्चे सत्य, अहिंसा और स्वच्छता जैसे जीवन मूल्यों को सरलता से समझते और अपनाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका नाज़िया बानो, वीना सिंह, प्रीति सिंह चतुर्वेदी, अपर्णा सिंह बघेल एवं कृतिका गुप्ता आदि का विशेष सहयोग रहा।गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर किड्स गणेश में बच्चों ने दिया सत्य-अहिंसा का संदेश
