सीधी। स्थानीय श्री गणेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पड़रा में सोमवार को महान विचारक और युगदृष्टा स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी के कुशल निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक सूर्य नमस्कार, योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण ऊर्जा और सकारात्मकता से भर उठा।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो वे किसी भी ऊँचाई को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया।
Read More : आखिर क्यों सीधी में अभिभावकों की पहली पसंद बन रहा है श्री गणेश ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स?
डॉ. तिवारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद द्वारा दिखाया गया मार्ग आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है और उसी पथ पर चलकर ही युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणास्पद रहा, जिससे उनमें राष्ट्र निर्माण के प्रति नई चेतना का संचार हुआ।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर एच.एम. माएमा सिमन्स, कोमल बाधवानी, विश्वास पाण्डेय, रामप्रीत तिवारी एवं प्रियंका सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।


