सीधी। स्थानीय एसजीएसएस स्कूल (गणेश स्कूल), पडरा-सीधी में चल रहे 15 दिवसीय समर कैंप के तीसरे दिन रविवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विविध रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में छात्रों के लिए एक विशेष मूवी डे आयोजित किया गया, जिसमें वर्ष 2011 की चर्चित एवं प्रेरणादायक फिल्म “आई एम कलाम” का प्रदर्शन किया गया।
यह फिल्म भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरित है, जो बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देती है। फिल्म में एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले बच्चे की संघर्षपूर्ण कहानी को दर्शाया गया है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के प्रति अपनी लगन और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने का संकल्प लेता है।

मूवी प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं एकाग्रता के साथ फिल्म का आनंद लिया। इस दौरान बच्चों को पॉपकॉर्न भी वितरित किया गया, जिससे माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण एवं आनंददायक बन गया। फिल्म के प्रेरणादायक प्रसंगों ने विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया और उनके भीतर नई ऊर्जा का संचार किया।
प्राचार्य डॉ. महेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया, समर कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि मूवी डे जैसी गतिविधियां बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती हैं। इस अवसर पर समर कैंप के प्रशिक्षक अवतार कृष्ण, राजकपूर चितेरा, संदीप पटेल, माखनलाल मिश्र, डी.के. खरे, अंकिता सेन, अंकुर मिश्र, सुजीत दीक्षित, नाजिया बानो, प्रियंका सिंह एवं सचित त्रिपाठी उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।


